Trending

बुजुर्ग को बचाने के प्रयास में बाइक सवार गंभीर घायल, हाईवे पर मची अफरा-तफरी ब्यूरो रिपोर्ट प्रभात मिश्रा

उत्तर प्रदेशबाराबंकी | 03-06-2026

बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-27 पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब युवक ने सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग को बचाने की कोशिश की

जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब 5:30 बजे भिटरिया बस स्टेशन के पास रुदौली क्षेत्र के गोगावा निवासी संजय अपनी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक बुजुर्ग व्यक्ति सड़क पार करने लगा। बुजुर्ग को टक्कर से बचाने के प्रयास में संजय ने बाइक मोड़ी, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत घायल की मदद की और पुलिस व 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और स्थानीय समाजसेवी दिलीप कुमार सहित अन्य लोगों के सहयोग से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामसनेहीघाट पहुंचाया गया।


सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामसनेहीघाट के केंद्र अधीक्षक डॉ. रमेश चंद ने बताया कि घायल युवक का उपचार जारी है। चिकित्सकों की टीम उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने बताया कि यदि स्वास्थ्य में सुधार नहीं होता है तो बेहतर इलाज और आवश्यक जांच के लिए उसे जिला अस्पताल रेफर किया जा सकता है।

दुर्घटना के चलते कुछ देर के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ और लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात को सामान्य कराया।

फिलहाल घायल युवक का इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। राहत की बात यह रही कि बुजुर्ग व्यक्ति सुरक्षित बच गया, लेकिन उसे बचाने की कोशिश में युवक खुद गंभीर रूप से घायल हो गया।

📰 Related News

© Satya Shila . All Rights Reserved. Designed by Satya Shila