प्रभात मिश्रा संवाददाता
बाराबंकी। सफदरगंज थाना क्षेत्र के सैदनपुर गांव के पास नहर की पटरी पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां चार पहिया CNG कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कार सवार प्रदीप वर्मा की जलकर मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, सुबह जब राहगीर मौके पर पहुंचे तो कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। कार की सीट पर शव के अवशेष दिखाई देने की बात सामने आई है। घटना की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान प्रदीप वर्मा निवासी नोहारीका पुरवा के रूप में बताई जा रही है। कार में आग किन परिस्थितियों में लगी और हादसे की असल वजह क्या थी, यह जांच का विषय है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
फिलहाल हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि और पुलिस की जांच से जुड़ी जानकारी सामने आने का इंतजार है।