प्रभात मिश्रा संवाददाता
त्रिवेदीगंज, बाराबंकी।
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत मंगलवार को त्रिवेदीगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में टीबी मरीजों के लिए पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि त्रिवेदीगंज सुनील सिंह की विशेष मौजूदगी रही।
बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड, इकाई-हैदरगढ़ की ओर से सीएसआर योजना 2026-27 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में सीएचसी में पंजीकृत टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई। पोटली में प्रोटीन युक्त खाद्य सामग्री शामिल थी, जिससे मरीजों को बेहतर पोषण देने और उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने में मदद मिलेगी।
सुनील सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि टीबी मरीजों को दवाओं के साथ पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना उनके स्वास्थ्य सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने लोगों से टीबी मुक्त भारत अभियान में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता चीनी मिल के मुख्य महाप्रबंधक बी.के. यादव एवं सीएचसी अधीक्षक मुकुंद पटेल ने की। इस दौरान उपदेश शर्मा, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, प्रदीप यादव, ऋषि दुबे, आशुतोष सिंह और निरंजन कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।