प्रभात मिश्रा संवाददाता
बाराबंकी के पलहरी में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात बस ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार 40 वर्षीय मन्ने और उनकी पांच वर्षीय बेटी साईमा की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।
हादसे में मन्ने की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
फरार बस और चालक की तलाश में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पिता-पुत्री की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।