बाराबंकी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान (17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026) के तहत बुधवार को विकासखंड सभागार त्रिवेदीगंज में “आंगन मिलन सेवा” कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत तथा विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि त्रिवेदीगंज सुनील सिंह शामिल हुए। अतिथियों ने नन्हे-मुन्ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया, उन्हें माला पहनाकर आशीर्वाद दिया और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की लाभार्थी माताओं को पोषण किट वितरित की।
इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र और साड़ी देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मातृ शक्ति, बाल स्वास्थ्य और पोषण को लेकर सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
आयोजकों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का संकल्प लगातार आगे बढ़ रहा है। मातृ शक्ति का सम्मान और बच्चों का बेहतर पोषण सशक्त राष्ट्र की मजबूत नींव है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व प्रधान त्रिवेदीगंज प्रेमनारायण दीक्षित “पप्पू दीक्षित”, प्रधान जरौली भानु बाजपेयी, खंड विकास अधिकारी प्रियंका सिंह, सीडीपीओ आराधना यादव समेत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं, लाभार्थी महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे। आयोजकों ने सफल आयोजन के लिए सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार जताया।