Trending

इटहेश्वर मंदिर में युवक का शव मिलने से हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेशबाराबंकी | 01-07-2026



बाराबंकी के त्रिवेदीगंज क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इटहेश्वर मंदिर परिसर में एक सब्जी व्यापारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक मंगलवार सुबह घर से सब्जी मंडी जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन बुधवार दोपहर उसका शव मंदिर परिसर में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामला लोनीकटरा थाना क्षेत्र के मदनापुर गांव स्थित इटहेश्वर मंदिर परिसर का है, जहां बुधवार दोपहर करीब एक बजे मंदिर के हैंडपंप के पास एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।

मृतक की पहचान बसंतपुर मजरे तेजवापुर निवासी करीब 30 वर्षीय महेंद्र कुमार चतुर्वेदी के रूप में हुई है। महेंद्र सब्जी बेचने का काम करता था। परिजनों के अनुसार, वह मंगलवार सुबह हैदरगढ़ सब्जी मंडी जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला।

बुधवार दोपहर जब मंदिर परिसर में शव मिलने की सूचना मिली तो परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान महेंद्र के रूप में की। घटनास्थल पर मृतक के कपड़े और चप्पल शव के पास रखे मिले। पुलिस के अनुसार, शव पर अंडरगारमेंट के अलावा कोई कपड़ा नहीं था। मृतक के दाहिने हाथ और बाएं पैर पर पुराने चोट के निशान मिले हैं, जबकि दाहिने हाथ से खून निकल रहा था।

सूचना मिलते ही लोनीकटरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, वहीं परिजन भी मौत को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

लोनीकटरा थाना प्रभारी अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला किसी हादसे का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

फिलहाल पूरे मामले की गुत्थी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सुलझ पाएगी।

📰 Related News

© Satya Shila . All Rights Reserved. Designed by Satya Shila