Trending

ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुनील सिंह के नेतृत्व में सेवा यात्रा का त्रिवेदीगंज में भव्य स्वागत, बुलडोजर से हुई पुष्पवर्षा

उत्तर प्रदेश → बाराबंकी | 10 Apr 2026


प्रभात मिश्रा संवाददाता
बाराबंकी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, समर्पण और जनकल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकली सेवा यात्रा का त्रिवेदीगंज पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। मां पीतांबरा एचपी पेट्रोल पंप पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुनील सिंह के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सेवा यात्रियों का फूल-मालाओं के साथ अभिनंदन किया। इस दौरान बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर सेवा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना ही सेवा यात्रा का प्रमुख उद्देश्य है।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुनील सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं के लिए सेवा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि निरंतर निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है। समाज के प्रत्येक वर्ग के सुख-दुख में सहभागी बनना और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना कार्यकर्ताओं का दायित्व है। उन्होंने कहा कि वडनगर से वाराणसी तक निकली सेवा यात्रा सेवा और जनकल्याण के संदेश को लोगों तक पहुंचाने का माध्यम है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनने तथा पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना कार्यकर्ताओं की पहचान है।
कार्यक्रम में मंडल स्तर के पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। सेवा यात्रियों के स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

📰 Related News

© Satya Shila . All Rights Reserved. Designed by Satya Shila