प्रभात मिश्रा संवाददाता
बाराबंकी। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के करीब पांच बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। हैदरगढ़ क्षेत्र के गेरांवा गांव के पास दिल्ली से बिहार जा रही एक यात्री बस को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार हादसे में मृतकों की पहचान अजय कुमार यादव और दीप चन्दर राय के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक की टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है। घायल यात्रियों की स्थिति और हादसे की पूरी परिस्थितियों को लेकर पुलिस द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है।