बाराबंकी। लखनऊ-सुल्तानपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे मुर्गी का दाना लदे ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक धू-धूकर जलने लगा। घटना लोनी कटरा थाना क्षेत्र की है।
बताया गया कि ट्रक हिमाचल से मुर्गी का दाना लेकर कोलकाता जा रहा था। हाईवे पर पहुंचते ही ट्रक में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख चालक ने किसी तरह ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया।
हाईवे पर मची अफरा-तफरी
ट्रक से तेज लपटें और धुआं उठता देखकर हाईवे से गुजर रहे राहगीर रुक गए और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आग के चलते हाईवे के एक हिस्से पर वाहनों का आवागमन बाधित हो गया। इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
फिलहाल घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।