बाराबंकी। त्रिवेदीगंज क्षेत्र के बीरमपुर गांव में आयोजित भव्य ग्रामीण वॉलीबॉल प्रतियोगिता का समापन रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। प्रतियोगिता का सफल आयोजन क्षेत्र के युवा समाजसेवी अतुल अवस्थी (डब्बू अवस्थी वैद्य जी) के नेतृत्व में किया गया, जिसमें आसपास के कई गांवों की टीमों ने प्रतिभाग किया।
फाइनल मुकाबले में कप्तान सर्वेश द्विवेदी (बाबा) के नेतृत्व वाली बाबा वारियर्स टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं कप्तान ऋषभ मिश्र के नेतृत्व वाली बहरौली टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।
मैच के दौरान खिलाड़ियों ने दमदार स्मैश, बेहतरीन सर्विस और शानदार तालमेल का प्रदर्शन किया। पूरे मुकाबले में दर्शकों का उत्साह देखने लायक रहा और खेल मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजक अतुल अवस्थी (डब्बू अवस्थी वैद्य जी) ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन आगे भी जारी रहेगा।