बाराबंकी में ज्येष्ठ माह के बड़े मंगलवार पर पूरा जनपद भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। गांवों, कस्बों और प्रमुख चौराहों पर विशाल भंडारों का आयोजन किया गया, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। मंदिरों में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही और हनुमान जी के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।
ग्राम पंचायत खैरा बीरू में विष्णु सैनी के यहां भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, वहीं ग्राम पूरा में सुनील यादव के यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। देवीपुर में सरोज तिवारी तथा बृजेश शुक्ला के यहां आयोजित भंडारों में भी बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थलों पर भक्तों के लिए शरबत, फल और भोजन की विशेष व्यवस्था की गई थी।
पूरे दिन हनुमान चालीसा, सुंदरकांड पाठ और पूजा-अर्चना का क्रम चलता रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान से सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। बड़े मंगलवार के अवसर पर क्षेत्र में आस्था, सेवा और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला।