बाराबंकी में आज उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले में शिरकत की। कार्यक्रम का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 140 करोड़ भारतीयों की सेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में किया गया।
उपमुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की महिलाओं, पोषण पोटली योजना के लाभार्थियों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लोगों को प्रमाण पत्र एवं आवश्यक सामग्री वितरित की। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है।
बृजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनसेवा के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, गरीबों के लिए आवास, किसानों को सम्मान निधि, महिलाओं के सशक्तिकरण तथा युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की योजनाओं का उल्लेख किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा, राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा, , एससी-एसटी आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, , पूर्व सांसद उपेंद्र सिंह रावत, ब्लॉक प्रमुख रवि रावत, अमरीश रावत सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बाराबंकी में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ सुशासन और जनकल्याण के संदेश को भी जन-जन तक पहुंचाया गया।