बाराबंकी। त्रिवेदीगंज क्षेत्र के ग्राम खैरा कनकू में आयोजित प्रथम जिलास्तरीय नाइट वॉलीबॉल प्रतियोगिता खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। देर शाम शुरू हुई यह प्रतियोगिता देर रात तक रोमांचक मुकाबलों के साथ जारी रही, जहां विभिन्न जनपदों से आई टीमों ने अपने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
प्रतियोगिता का आयोजन अमरीश पांडेय (छन्नू) द्वारा किया गया, जबकि पूरे आयोजन की कमान एवं मार्गदर्शन सर्वेश कृष्ण शास्त्री (बाबा) ने संभाली। क्षेत्र में खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता को सफल बनाने में सर्वेश कृष्ण शास्त्री की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके नेतृत्व और प्रयासों की क्षेत्रवासियों ने सराहना की।
प्रतियोगिता में लखनऊ स्टेडियम, टिकरा, अयोध्या, देवरिया, साईं हॉस्टल रायबरेली समेत कई मजबूत टीमों ने हिस्सा लिया। टीमों के बीच हुए कांटे के मुकाबलों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान हैदरगढ़ विधानसभा के लोकप्रिय विधायक दिनेश रावत भी पहुंचे और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर प्रवीण शुक्ला (मटेरा), भरत यादव, अरुण शुक्ल (पखरपुर), विवेक वर्मा, ताराचंद वर्मा, रवींद्र प्रताप सिंह, दुर्गा बख्श सिंह, चौहान दादा, अनुराग त्रिवेदी, हिमांशु शुक्ला, लवकुश पांडेय सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
ग्रामीण अंचल में आयोजित इस भव्य नाइट वॉलीबॉल प्रतियोगिता ने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती। सर्वेश कृष्ण शास्त्री (बाबा) के नेतृत्व और आयोजक अमरीश पांडेय (छन्नू) के प्रयासों से यह आयोजन क्षेत्र में खेलों के प्रति नई जागरूकता और उत्साह का संदेश देकर संपन्न हुआ।
✍️ प्रभात मिश्रा, ब्यूरो चीफ