बाराबंकी। लोनी कटरा थाना क्षेत्र के ग्राम अचाकापुर मजरे खैरा बीरू में एक पुलिसकर्मी की पत्नी के घर में घुसकर तोड़फोड़, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी नीलू सिंह, जिनके पति उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में तैनात हैं, ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह अपनी वृद्ध सास के साथ घर पर रहती हैं। आरोप है कि 9 जून 2026 की शाम करीब तीन बजे उनके घर पर एयर कंडीशनर (एसी) लगाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान गांव के ही अजय सिंह और यज्ञभान सिंह द्वारा कथित रूप से अपनी पत्नियों सुनीता सिंह और शशि सिंह को उनके घर भेजा गया।
पीड़िता का आरोप है कि दोनों महिलाएं लाठी-डंडों के साथ उनके घर में घुस आईं और जानबूझकर एसी का पाइप तोड़ दिया, जिससे आर्थिक नुकसान हुआ। जब नीलू सिंह और उनकी वृद्ध सास ने इसका विरोध किया तो आरोपित महिलाओं ने गाली-गलौज शुरू कर दी तथा मारपीट पर आमादा हो गईं।
शिकायत के अनुसार कुछ देर बाद अजय सिंह और यज्ञभान सिंह भी मौके पर पहुंच गए और घर के बाहर खड़े होकर धमकियां देने लगे। आरोप है कि उन्होंने कहा कि “तुम्हारा पति पुलिस में है, उसकी नौकरी छिनवा देंगे, तुम्हें झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भिजवा देंगे और गांव में रहने नहीं देंगे।”
नीलू सिंह का कहना है कि इस घटना के बाद वह और उनकी वृद्ध सास काफी डरी हुई हैं। घर पर अकेले रहने के कारण उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता है तथा जान-माल का खतरा महसूस हो रहा है।
लोनी कटरा थाना प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर चार नामजद आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।