Trending

हैदरगढ़ को जल्द मिल सकता है नया पावर हाउस, विधायक दिनेश रावत की पहल लाई रंग

उत्तर प्रदेशबाराबंकी | 17-06-2026


बाराबंकी। हैदरगढ़ विधानसभा क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए क्षेत्र के विधायक दिनेश रावत ने आज उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विद्युत संबंधी मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक के दौरान विधायक दिनेश रावत ने बड़वल क्षेत्र में प्रस्तावित नए विद्युत उपकेंद्र (पावर हाउस) के निर्माण कार्य को शीघ्र स्वीकृति प्रदान किए जाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि बड़वल एवं आसपास के क्षेत्रों में बढ़ती आबादी और विद्युत की बढ़ती मांग को देखते हुए नए पावर हाउस का निर्माण अत्यंत आवश्यक है, जिससे उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने विधायक द्वारा उठाए गए प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए जनहित को सर्वोपरि बताते हुए आश्वासन दिया कि बड़वल में नए विद्युत उपकेंद्र के निर्माण की स्वीकृति जल्द ही प्रदान की जाएगी। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है और हैदरगढ़ क्षेत्र की आवश्यकताओं को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

इस मुलाकात के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। लोगों का मानना है कि नए पावर हाउस के निर्माण से बिजली आपूर्ति में सुधार होगा, लो-वोल्टेज की समस्या से राहत मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।

अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि बड़वल में प्रस्तावित पावर हाउस के निर्माण को कब अंतिम मंजूरी मिलती है और इसका कार्य धरातल पर कब शुरू होता है। 

ब्यूरो रिपोर्ट प्रभात मिश्रा बाराबंकी 


📰 Related News

© Satya Shila . All Rights Reserved. Designed by Satya Shila